रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में दिनदहाड़े डकैती के मामले में दून पुलिस को एक और सफलता मिली,वाहनों की व्यवस्था करने वाला गिरफ्तार

देहरादून।रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में दिनदहाड़े डकैती के मामले में दून पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने डकैतों के लिए दो बाइक व एक कार की व्यवस्था करने वाले आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित जिले में बंद अपने साथी बदमाशों से भेंट के लिए देहरादून आया था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। प्रकरण में पुलिस अब तक नौ बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से दो डकैती में शामिल थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया, गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ में मालूम चला था कि डकैती के लिए वाहन चंदन कुमार उर्फ सुजीत निवासी ग्राम मिर्जापुर, थाना अहियापुर, मुजफ्फरपुर (बिहार) ने उपलब्ध कराए थे। उसकी तलाश में जुटी पुलिस टीम को शनिवार रात सूचना मिली कि आरोपित देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में घूम रहा है। इसके कुछ देर बाद उसे प्रेमनगर में गिरफ्तार कर लिया गया।

आगरा से कार और हरियाणा से की बाइक चोरी

आरोपित ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसके परिचित जलील सुभानी उर्फ कांबो ने डकैती की योजना के बारे में बताते हुए एक कार व दो बाइक की व्यवस्था करने को कहा था। आरोपित ने यह काम अपने परिचित अकबर को सौंप दिया।

अकबर ने अपने साथी सुमित के साथ आगरा से अर्टिगा कार और हरियाणा से दो अपाचे बाइक चोरी कीं। इनमें से एक बाइक अकबर ने 31 अक्टूबर को सहारनपुर में राहुल व अविनाश तक पहुंचाई, जबकि कार छह नवंबर को बिजनौर में विक्रम कुशवाह उर्फ पायलेट को दी।

डकैती में शामिल विक्रम को शुक्रवार को पीलीभीत से गिरफ्तार किया गया था। दूसरी बाइक सात नवंबर को बदमाश प्रिंस और अभिषेक को दून पहुंचने पर दी गई।

घटना से पूर्व बदमाशों के साथ सेलाकुई में रहा

आरोपित चंदन ने बताया कि नौ नवंबर को हुई डकैती से पहले सितंबर में वह बदमाश प्रिंस, अखिलेश उर्फ अभिषेक व उनके अन्य साथियों के साथ लगभग 10 दिन तक सेलाकुई में किराये के कमरे में रहा। शनिवार को वह जलील उर्फ कांबो के कहने पर जेल में बंद साथियों से मिलने के लिए देहरादून आया था।

इनामी प्रिंस और अभिषेक की भी जल्द हो सकती है गिरफ्तारी

डकैती में शामिल दो इनामी बदमाशों प्रिंस व अभिषेक के साथ ही आरोपित राहुल अभी फरार है। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपितों से भी तीनों के बारे में पुलिस को अहम जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तीनों गिरफ्त में होंगे।

घायल बदमाश विक्रम को भेजा जेल

इसी शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए विक्रम कुशवाह निवासी ग्राम पानापुर दिलावरपुर, थाना बिदुपर, वैशाली (बिहार) को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। विक्रम को पुलिस हथियार रिकवरी के लिए प्रेमनगर स्थित जंगल में ले गई थी, जहां उसने पहले से छिपाकर रखी गई पिस्टल से पुलिसकर्मियों पर फायर कर दिया और जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *