आगरा। एत्माद्दौला के नुनिहाई लिंक रोड पर बने चामुंडा देवी मंदिर में रविवार रात भंडारे के दौरान सब्जी को लेकर जमकर बवाल हुआ। आमने-सामने आए दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद पथराव हो गया। सिर में पत्थर लगने से पीआरवी का सिपाही घायल हो गया। अतिरिक्त पुलिस फोर्स पहुंचने पर बवाल करने वाले भाग खड़े हुए। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
युवाओं के दो गुट आसपास में भिड़े
पुलिस के अनुसार भंडारे में कान्हा राठौर और विवेक राठौर अपने दोस्तों के साथ मौजूद थे। रात करीब 10 बजे अंशुल राठौर भंडारे में भोजन करने के लिए पहुंचा। आरोप है कि बार-बार सब्जी मांगने पर अंशुल का कान्हा और विवेक राठौर से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। जानकारी होने पर दोनों पक्षों के और लोग वहां पहुंच गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। मंदिर में मौजूद गौरव परमार ने वारदात की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
जानकारी पर पीआरवी 6144 मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे थे। तभी पथराव में एक पत्थर पीआरवी गाड़ी चालक सिपाही अभय सिंह चौहान के सिर में लगा, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा, तब तक पथराव करने वाले भाग खड़े हुए। घायल सिपाही को इलाज के अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि भंडारे में दो पक्षों में विवाद हुआ है। घायल सिपाही का मेडिकल कराया गया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।