ग्रेटर नोएडा।उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) जिले में हुए निक्की मर्डर केस के बारे में जिसने भी सुना उसका कलेजा कांप उठा। दरअसल, निक्की के पति विपिन भाटी पर पत्नी (निक्की) को जिंदा जलाने का आरोप है।
वहीं, आरोपी विपिन ने इंस्ट्राग्राम पर एक पोस्ट डालते हुए पत्नी द्वारा सुसाइड करने की बात कही है। हालांकि, आरोपी विपिन पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया है लेकिन, निक्की के पिता ने इस एनकाउंटर को लेकर एक बड़ी बात कही है।
विपिन ने पुलिस कस्टडी से की भागने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, आरोपी विपिन भाटी ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की तो ग्रेटर नोएडा पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद उसे जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, अस्पताल में घायल बेटे विपिन को बुर्का पहनकर देखने पहुंची मां दया को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
‘सीने में गोली लगती तो मिलती कलेजे को ठंडक’
हत्यारोपी के पैर में गोली लगने से पीड़ित के मायके वाले संतुष्ट नहीं हैं। मृतका के पिता भिखारी सिंह का कहना है कि उसके पैर में नहीं, बल्कि सीने में गोली लगनी चाहिए थी। तभी कलेजे को ठंडक मिलती। उन्होंने फरार अन्य आरोपियों के खिलाफ भी ऐसी कार्रवाई करने की मांग पुलिस से की है।
पीड़ित पिता ने सीएम योगी से हत्यारोपियों के घर पर बुलडोजर चलवाने की भी मांग की। पीड़ित मायके वालों का कहना है कि मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलना चाहिए ताकि निक्की के साथ बर्बरता करने वाले दरिंदों को जल्द सजा मिल सके।