होमगार्ड वर्दी घोटाले पर बड़ी कार्रवाई: डिप्टी कमांडेंट अमिताभ श्रीवास्तव निलंबित, संयुक्त जांच समिति गठित

देहरादून:उत्तराखंड सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को लागू करते हुए होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद से जुड़े कथित घोटाले पर बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले में संलिप्त पाए जाने पर निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है तथा पूरे प्रकरण की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद प्रक्रिया से जुड़ा है, जिसमें टेंडर प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव और निर्धारित नियमों की अनदेखी की पुष्टि हुई है।
महानिदेशक की संस्तुति के आधार पर मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डिप्टी कमांडेंट को निलंबित किया और मामले की गहन जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह कार्रवाई राज्य में प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित की रक्षा की दिशा में सरकार की सख्त मंशा को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *