एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की रणनीति से अपराधियों में खौफ,रायपुर फायरिंग कांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा

एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की रणनीति से अपराधियों में खौफ, रायपुर फायरिंग कांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा

05 टीमों की ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार; मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश

देहरादून:वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में देहरादून पुलिस ने एक बार फिर अपनी तेज़, सुनियोजित और प्रभावी कार्यशैली का परिचय देते हुए रायपुर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार 3 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर अज्ञात युवकों ने फायरिंग कर दी थी। इस घटना में नवीन राणा के कंधे तथा राहगीर कमेन्द्र शर्मा के पैर में गोली लगी थी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने तत्काल पांच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की तथा तकनीकी और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए मामले की कड़ियां जोड़ दीं।

जांच के दौरान पता चला कि घायल कमेन्द्र शर्मा और मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान के बीच बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान पुराना विवाद हुआ था,जो समय के साथ रंजिश में बदल गया। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते देहरादून में दोनों पक्ष आमने-सामने आए और विवाद के दौरान फायरिंग हो गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थानो रोड स्थित सोढ़ा सरोली क्षेत्र से तीन आरोपियों,अरुण कुमार उर्फ छोटू, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान तथा उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

इस पूरे ऑपरेशन में थाना रायपुर, थाना नेहरू कॉलोनी और एसओजी की संयुक्त टीम ने समन्वित ढंग से कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों की सक्रियता, तकनीकी जांच और त्वरित रणनीति के चलते गंभीर आपराधिक घटना का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।

देहरादून पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से स्पष्ट है कि एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध सख्त और त्वरित कार्रवाई की नीति लगातार प्रभावी साबित हो रही है। अपराधियों के विरुद्ध की जा रही लगातार कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल है, जबकि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *