देहरादून में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 1.521 किलो कैटामाइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

बरामद 1.521 किलोग्राम कैटामाइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये

देहरादून। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सेलाकुई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.521 किलोग्राम कैटामाइन बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने बताया कि एएनटीएफ को मिली खुफिया सूचना के आधार पर सेलाकुई क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया गया। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने स्कूटी सवार दो आरोपियों को रोककर तलाशी ली। जांच में स्कूटी की डिक्की से 1.521 किलोग्राम कैटामाइन बरामद हुई। मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की पुष्टि कैटामाइन के रूप में की।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इस मादक पदार्थ की आपूर्ति खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक व्यक्ति को करने जा रहे थे। पुलिस अब ड्रग्स की सप्लाई चेन, इसके स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार, निवासी जमनपुर, सेलाकुई और अंकित तिवारी, मूल निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी सेलाकुई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जूपिटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या एसटीएफ को सूचित करें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस का कहना है कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों और संगठित ड्रग नेटवर्क के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *