04 एवं 05 दिसम्बर को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी हिमालयन कार रैली

पर्यटन को नई पहचान दिलाने के लिए पौड़ी में हिमालयन कार रैली और नाइट सफारी का होगा आयोजन, जिलाधिकारी ने ली बैठक

खोलाचौरी-अदवाणी क्षेत्र में 15 दिवसीय पायलट परियोजना के रूप में शुरू होगी नाइट सफारी

पौड़ी- जनपद पौड़ी गढ़वाल को पर्यटन के नए गंतव्य के रूप में विकसित करने और यहां की प्राकृतिक सुंदरता एवं पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने के लिए हिमालयन कार रैली-2026 और नाइट सफारी जैसी नई गतिविधियां शुरू करने की तैयारी है। उत्तराखण्ड में पहली बार आयोजित होने जा रही हिमालयन कार रैली के तहत 04 एवं 05 दिसम्बर को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से रैली गुजरेगी। वहीं, खोलाचौरी से अदवाणी तक 15 दिवसीय पायलट परियोजना के रूप में नाइट सफारी शुरू करने की योजना है। इन पहलों से जनपद में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी विकसित होने की उम्मीद है।

हिमालयन कार रैली-2026 आगामी 02 से 06 दिसम्बर तक उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी। उत्तराखण्ड में पहली बार आयोजित हो रही इस रैली के माध्यम से प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य, पर्वतीय मार्गों और पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान देने का प्रयास किया जाएगा। जनपद पौड़ी गढ़वाल में 04 एवं 05 दिसम्बर को रैली के विभिन्न चरण आयोजित होंगे। रैली की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रस्तावित रूट, समय-सारणी, सड़क की स्थिति, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

रैली 03 दिसम्बर को रामनगर से प्रारम्भ होगी, जहां वाहनों की स्क्रूटनी एवं प्रतिभागियों की ब्रीफिंग की जाएगी। 04 दिसम्बर को रैली मोहान-मर्चुला होते हुए जनपद में प्रवेश करेगी। इसके बाद क्यार्की-मल्ली से नैनीडांडा तथा सेमरी-तल्ली सहित नैनीडांडा, लैंसडाउन, दुगड्डा और यमकेश्वर क्षेत्र के निर्धारित मार्गों से गुजरेगी। इन मार्गों से गुजरने वाली रैली के माध्यम से जनपद के पर्वतीय पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक दृश्यों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने का अवसर मिलेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि रैली के प्रस्तावित मार्गों की प्रारंभिक रेकी की जा चुकी है। आगामी 21 एवं 22 नवम्बर को प्रशासन, पुलिस, लोनिवि तथा पीएमजीएसवाई की संयुक्त टीम द्वारा अंतिम रेकी की जाएगी, ताकि मार्गों की स्थिति, संवेदनशील स्थलों और आयोजन से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर समय रहते कमियों को दूर किया जा सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को रैली मार्गों का निरीक्षण कर सड़कों की मरम्मत, आवश्यक सुधार और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस विभाग को यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और रैली के दौरान वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तैयारियां पूरी करने तथा आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को रैली मार्गों के नजदीकी अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, एम्बुलेंस और स्वास्थ्य टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए हेली एम्बुलेंस की व्यवस्था भी तैयार रखने के निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने एसडीआरएफ एवं आपदा प्रबंधन विभाग को संभावित आपात परिस्थितियों के दृष्टिगत राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता और त्वरित प्रतिक्रिया की कार्ययोजना तैयार रखने को कहा। साथ ही उन्होंने संचार विभाग को रैली मार्गों पर निर्बाध संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक संचार साधनों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि रैली के सुरक्षित आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें और सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास भी सुनिश्चित करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

इसी क्रम में जनपद में पर्यटन के नए अनुभव विकसित करने के उद्देश्य से खोलाचौरी से अदवाणी तक नाइट सफारी शुरू करने की संभावनाओं पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हितधारकों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसे शुरुआती तौर पर 15 दिवसीय पायलट परियोजना के रूप में संचालित करने की योजना है। परियोजना के सफल रहने पर इसे व्यावसायिक रूप से शुरू किया जाएगा। नाइट सफारी का संचालन उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद द्वारा किया जाएगा। इसके लिए संबंधित लोगों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे पर्यटकों को पौड़ी शहर और आसपास के पर्यटन स्थलों की जानकारी देने के साथ उन्हें बेहतर पर्यटन अनुभव उपलब्ध करा सकें।

बैठक में एएसपी संचार अनूप काला, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, पीएमजीएसवाई के अभियंता अरुण बहुगुणा, डीडीएमओ दीपेश काला सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *