आधुनिक सुविधाओं और पहाड़ी शैली में निखरा मोहनचट्टी आयुर्वेदिक चिकित्सालय, हर्बल गार्डन से बढ़ेगा वेलनेस का अनुभव

 

 

71.61 लाख रुपये से विकसित हुआ आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर, हाईटेक योग हॉल एवं पंचकर्म कक्ष तैयार; हर्बल गार्डन से पर्यटकों को मिलेगा आयुर्वेद का अनुभव

पौड़ी- यमकेश्वर क्षेत्र के मोहनचट्टी स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर विकसित किया गया है। चिकित्सालय परिसर को पहाड़ी वास्तुशैली में नया स्वरूप देने के साथ यहां हाईटेक योग हॉल एवं पंचकर्म कक्षों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ विकसित सुविधाओं का जायजा लिया तथा वेलनेस सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र से स्वास्थ्य, पर्यटन तथा स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया द्वारा पूर्व में किए गए चिकित्सालय परिसर के निरीक्षण के दौरान मोहनचट्टी की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यहां आयुर्वेद एवं वेलनेस पर्यटन की व्यापक संभावनाएं सामने आई थीं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की जरूरतों के अनुरूप आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तार किया जाना आवश्यक था। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी द्वारा चिकित्सालय को आधुनिक स्वरूप देने, योग एवं पंचकर्म सुविधाएं विकसित करने तथा परिसर को पहाड़ी शैली में संवारने के कार्य हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।

इस क्रम में ग्रामसभा जोगियाणा, मोहनचट्टी में जिला योजना के अंतर्गत 71.61 लाख रुपये की लागत से आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर की स्थापना का कार्य 05 फरवरी 2026 को शुरू किया गया था। ग्रामीण निर्माण विभाग, प्रखंड कोटद्वार द्वारा इसके तहत स्वीकृत निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए हैं। यहां विकसित योग हॉल एवं पंचकर्म कक्षों के माध्यम से स्थानीय लोगों के साथ ही क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को योग, ध्यान एवं पारंपरिक आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि पंचकर्म एवं आयुर्वेदिक उपचारों के तहत यहां अभ्यंग, स्वेदन, शिरोधारा के साथ मर्म थेरेपी, अग्निकर्म और कपिंग थेरेपी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए विशेष उपचार कक्ष, ऑपरेशन थिएटर एवं पंचकर्म सहायक की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में विभिन्न पारंपरिक आयुर्वेदिक उपचारों का लाभ मिल सकेगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योग हॉल एवं पंचकर्म कक्षों में आवश्यक उपकरणों, स्वच्छता, बैठने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करते हुए इन सुविधाओं का सुव्यवस्थित संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने हर्बल गार्डन को भी आकर्षक एवं व्यवस्थित रूप से विकसित करने को कहा, ताकि यह आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सके।

ऋषिकेश से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मोहनचट्टी क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। यहां आसपास के गांवों के साथ-साथ रिजॉर्ट, कैंप एवं होमस्टे संचालकों को भी आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर का लाभ मिलेगा। चिकित्सालय परिसर में हर्बल गार्डन भी विकसित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण कर उनके औषधीय गुणों एवं पारंपरिक उपयोगों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी, जिससे पर्यटक स्थानीय औषधीय वनस्पतियों को करीब से जानने के साथ एक विशिष्ट हर्बल अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *