एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में दून पुलिस का बड़ा एक्शन

ऑपरेशन प्रहार

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में दून पुलिस का बड़ा एक्शन

विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार 01 लाख के ईनामी अभियुक्त के घर झारखंड में कुर्की, अपराधियों पर लगातार कसता शिकंजा

देहरादून, 18 मई 2026:

देहरादून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे 01 लाख रुपये के ईनामी अभियुक्त के घर झारखंड पहुंचकर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की।

ज्ञात हो कि दिनांक 13 फरवरी 2026 को सिल्वर सिटी, राजपुर रोड स्थित जिम से बाहर आते समय विक्रम शर्मा की अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद थाना डालनवाला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। विवेचना के दौरान झारखंड से आए अपराधियों की संलिप्तता सामने आने पर एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशन में अलग-अलग पुलिस टीमें झारखंड, बिहार समेत कई राज्यों में रवाना की गईं।

दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई में पूर्व में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक 01 लाख रुपये का ईनामी बदमाश भी शामिल है। वहीं घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्त लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे हैं। सभी फरार अभियुक्तों पर पुलिस द्वारा 01-01 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

हाल ही में 12 मई 2026 को देहरादून पुलिस और एसटीएफ उत्तराखंड की संयुक्त टीम ने सहारनपुर से एक अन्य ईनामी अभियुक्त यशराज सिंह को गिरफ्तार किया था। इसके बाद अब फरार अभियुक्त आकाश कुमार प्रसाद पुत्र अरुण कुमार प्रसाद निवासी बजरंग टेकरी, बागबेरा, जमशेदपुर, जिला सिंहभूम झारखंड के घर न्यायालय से प्राप्त कुर्की वारंट के आधार पर कुर्की की कार्रवाई की गई।

कोतवाली डालनवाला पुलिस टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि दून पुलिस अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में पुलिस लगातार फरार अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है तथा शेष आरोपियों के घरों की कुर्की हेतु भी न्यायालय से वारंट प्राप्त किए जा रहे हैं।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की कार्यशैली की हो रही सराहना

अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई, अंतरराज्यीय स्तर पर दबिश और फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने जैसे कठोर कदमों के चलते एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की कार्यशैली की आमजन के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी सराहना हो रही है।

दून पुलिस का यह अभियान अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि कानून से बचना अब आसान नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *